नोएडा: ग्रेटर नोएडा में सर्दी से लोगों का बुरा हाल है। सोमवार सुबह कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। घने कोहरे की वजह से दनकौर की खेरली नहर में कार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि पांच घायल हैं। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से कार चालक को दिखाई नही दिया जिससे कार सीधी नहर में जा गिरी। कार में सवार सभी लोगों को अस्पताल में ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने छह को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, अर्टिका कार 11 व्यक्ति सवार थे। वे संभल से दिल्ली जा रहे थे। सभी मृतक संभल के रहने वाले हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है और उनके परिजनों को जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मृतकों की पहचान महेश(35), किशन लाल(50), नीरेश(17), राम खिलाड़ी (75), मल्लू(12), और नेत्रपाल (40) के रूप में की गई है।